लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गोशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत नैपियर घास की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि गोशालाओं को पूरे साल पौष्टिक चारा मिल सके और चारे पर होने वाला खर्च कम हो। सरकार ने गोशालाओं के लिए 7 हजार किसानों से 14 हजार हेक्टेयर भूमि पर चारा उत्पादन का अनुबंध किया है। इस अभियान का उद्देश्य गोशालाओं को चारे के मामले में आत्मनिर्भर बनाना और किसानों की आय बढ़ाना है।
चारा नीति 2025-26 के तहत नैपियर घास की खेती करने वाले किसानों और गोशालाओं से जुड़ी ग्राम पंचायतों को प्रति हेक्टेयर 20 से 22 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों और पशुपालकों को नैपियर घास की उन्नत किस्मों की जड़ें और रूट स्लिप मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार चारा उत्पादन बढ़ाने के साथ फसल के बचे हुए हिस्सों का बेहतर इस्तेमाल और सामुदायिक चरागाहों का विकास भी कर रही है।
पिछले दो वर्षों में चारा विकास योजनाओं से करीब एक लाख किसान और पशुपालक लाभान्वित हुए हैं। वर्ष 2025-26 में 60 लाख नैपियर रूट स्लिप मुफ्त बांटी गई थीं, जबकि वर्ष 2026-27 में यह संख्या बढ़ाकर 78 लाख कर दी गई। वर्ष 2026-27 में 260 हेक्टेयर भूमि के लिए रूट स्लिप उपलब्ध कराई गई थी। अब इसे बढ़ाकर 720 हेक्टेयर करने की तैयारी है। इससे नैपियर घास की खेती का क्षेत्रफल लगभग तीन गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
पशुपालकों को चारा उत्पादन और उसके सही इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए 150 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। इसके लिए भारतीय चारागाह और चारा अनुसंधान संस्थान, झांसी में हर जिले से दो अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। ये मास्टर ट्रेनर विकासखंड स्तर पर पशुपालकों को प्रशिक्षण देंगे। योजना के तहत हर विकासखंड में 100 पशुपालकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। उन्हें उन्नत किस्म के चारे, खेती की तकनीक, चारे को सुरक्षित रखने और वैज्ञानिक तरीके से उसके प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
फिलहाल प्रदेश में करीब 3.74 लाख हेक्टेयर भूमि पर खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसम में हरे चारे का उत्पादन हो रहा है। सरकार अल्पकालीन, मध्यकालीन और दीर्घकालीन योजनाओं के जरिए इसका दायरा बढ़ाना चाहती है। अतिरिक्त चारा विकास कार्यक्रम के तहत किसानों को उन्नत बीज, जड़ें और रूट स्लिप दी जा रही हैं। साथ ही सामुदायिक जमीन पर भी चारा उगाने को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर नियमित रूप से हरा चारा मिल सके।
योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया गया है। इनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिकता है। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि गोवंश के बेहतर संरक्षण और भरण-पोषण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। किसानों की भागीदारी से गोशालाओं के आसपास ही चारे का उत्पादन और आपूर्ति सुनिश्चित करने की कोशिश हो रही है।
वहीं, पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने कहा कि गोआश्रय स्थलों की जरूरतों को देखते हुए चारा उत्पादन और उसके प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नैपियर घास की खेती, किसानों से अनुबंध और पशुपालकों का प्रशिक्षण इस व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे। इससे गोवंश को पौष्टिक चारा मिलेगा और किसानों के लिए आय के नए अवसर भी बनेंगे। इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों और पशुपालकों के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना जरूरी है।




