लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू (ICU) सुविधाओं की जांच कराने का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर और सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराना है। स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने इस संबंध में ऑडिट एजेंसियों को विशेष चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह विशेष ऑडिट कराया जा रहा है। जांच का आधार केंद्र सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की ओर से 2026 में जारी नई गाइडलाइन होगी। इसमें आईसीयू के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी मानक तय किए गए हैं। ऑडिट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि अस्पताल इन मानकों का कितना पालन कर रहे हैं।
नई गाइडलाइन में आईसीयू को मरीजों की गंभीर स्थिति के आधार पर तीन स्तरों में बांटा गया है। लेवल-1 में ऐसे मरीजों का इलाज होगा, जिन्हें शुरुआती उपचार और सामान्य निगरानी की जरूरत है। लेवल-2 में दो या उससे अधिक अंगों के प्रभावित होने या विशेष चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले मरीजों को रखा जाएगा। वहीं, लेवल-3 आईसीयू में सबसे गंभीर मरीजों और एक से अधिक अंगों के काम करना बंद करने की स्थिति में उन्नत इलाज की व्यवस्था होनी चाहिए।
ऑडिट के दौरान अस्पतालों में वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सप्लाई और सक्शन मशीनों की उपलब्धता जांची जाएगी। इसके अलावा आईसीयू में बेड के लिए पर्याप्त जगह, योग्य डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की तैनाती भी देखी जाएगी। अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था का भी आकलन होगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अस्पताल जिस स्तर की आईसीयू सुविधा का दावा कर रहे हैं, वहां उसी के अनुसार संसाधन और कर्मचारी मौजूद हों।
इस ऑडिट से आयुष्मान योजना के तहत अनावश्यक आईसीयू भर्ती और फर्जी या अनुचित क्लेम पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। जांच में अस्पतालों की कमियां सामने आने पर उन्हें तय मानकों के अनुसार सुविधाएं बेहतर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे योजना के पैसों का सही इस्तेमाल होगा और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।




