यूपी में 504 पदों के लिए UPSSSC की मुख्य परीक्षा संपन्न, 21,806 में से 10,988 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

लखनऊ, 22 नवंबर। उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए योगी सरकार परीक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से प्लाटून कमांडर, ब्लॉक ऑर्गनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा-2026 रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों परीक्षाएं लखनऊ के 48 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गईं। इनके जरिए कुल 504 पदों पर भर्ती की जानी है।

पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्लाटून कमांडर और ब्लॉक ऑर्गनाइजर के 295 पदों के लिए परीक्षा हुई। इसके लिए 11,781 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 6,211 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस तरह पहली पाली में 52.72 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हवलदार प्रशिक्षक के 209 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए 10,025 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी हुए थे, जिनमें से 4,777 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा में 47.65 प्रतिशत उपस्थिति रही। दोनों परीक्षाओं को मिलाकर 21,806 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे और 10,988 ने परीक्षा दी।

परीक्षा में किसी दूसरे व्यक्ति के शामिल होने और धोखाधड़ी की आशंका को रोकने के लिए एआई आधारित फेस रिकग्निशन, आधार प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक जांच की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक अभ्यर्थी की फोटो और आंखों की पुतली (आइरिस) का बायोमेट्रिक रिकॉर्ड लिया गया। इसके बाद इसका मिलान प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दौरान दर्ज किए गए रिकॉर्ड से किया गया। इस तकनीक से अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि करने में मदद मिली।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के लिए करीब 1,200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इनके जरिए परीक्षा के दौरान लगातार नजर रखी गई। आयोग मुख्यालय और जिला मुख्यालयों पर लाइव सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाए गए थे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 136 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ करीब 2,500 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा केंद्रों पर जैमर लगाए गए, ताकि मोबाइल नेटवर्क या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से नकल जैसी गतिविधियों को रोका जा सके।

अभ्यर्थियों की जांच के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और स्मार्ट ग्लास सहित प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य की गई थी। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण किया गया और अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया। किसी भी परेशानी के तुरंत समाधान के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी की गई थी।

आयोग ने बताया कि परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, एसटीएफ और इंटेलिजेंस सहित सभी संबंधित एजेंसियों ने मिलकर काम किया। अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने और परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने तक सभी तय सुरक्षा नियमों का पालन कराया गया। आयोग ने परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।