लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में शहरों की सफाई व्यवस्था और जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार सीवरेज नेटवर्क का विस्तार कर रही है। अमृत 2.0 मिशन के तहत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में सीवर लाइन बिछाने और घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं देने के साथ नदियों और अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाना है।
इस योजना के तहत प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में कुल 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कुल 1,751.52 किलोमीटर सीवर नेटवर्क बनाया जाना है। इसमें से अब तक 827.41 किलोमीटर नेटवर्क का निर्माण पूरा हो चुका है। सीवर नेटवर्क बढ़ने से घरों से निकलने वाले गंदे पानी को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने और उसका सही प्रबंधन करने में मदद मिलेगी।
सीवरेज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार गंदे पानी के शोधन पर भी ध्यान दे रही है। इसके तहत प्रदेश में 201 एमएलडी क्षमता के 8 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जा रहे हैं। इन संयंत्रों में शहरों से निकलने वाले गंदे पानी को वैज्ञानिक तरीके से साफ किया जाएगा, ताकि उसे बिना शोधन के नदियों और दूसरे जल स्रोतों में जाने से रोका जा सके।
इसके अलावा 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण भी जारी है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सीवर नेटवर्क और ट्रीटमेंट प्लांट के विकास से शहरी क्षेत्रों में गंदे पानी के निस्तारण की व्यवस्था बेहतर होगी।
योगी सरकार का जोर शहरों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखने पर है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से नदियों, तालाबों और दूसरे जल स्रोतों में गंदगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, शहरी नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। अमृत 2.0 मिशन के जरिए सरकार प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है।




