भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने राजनीति में नई पारी की शुरुआत की है। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने उन्हें ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। उनकी नियुक्ति दिल्ली से की गई है। यह फैसला 21 नवंबर को बीजेपी की ओर से संगठन में किए गए नए बदलावों के तहत लिया गया।
युजवेंद्र चहल ने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बीजेपी परिवार में उन्हें जगह और सम्मान देने के लिए वह सभी नेताओं के आभारी हैं।
बताया जा रहा है कि चहल ने हाल ही में दिल्ली में ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने बीजेपी के साथ काम करने की इच्छा जताई। अमरपाल मौर्य ने भी उनके पार्टी से जुड़ने और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की पुष्टि की।
चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गननायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं, बीजेपी ने ओबीसी मोर्चा में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की है। इसके साथ ही 37 सदस्यों वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। ये सभी नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई हैं।
क्रिकेट की बात करें तो युजवेंद्र चहल भारत के सफल लेग स्पिन गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 72 वनडे और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वनडे में उनके नाम 121 और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 96 विकेट हैं। वह 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे हैं। IPL में उन्होंने मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया है।
अक्टूबर 2026 में चहल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था, हालांकि वह वनडे और टी20 जैसे सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखना चाहते हैं। अब बीजेपी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हो गई है।





