किसानों और महिलाओं के लिए जल्द आएगा विशेष पैकेज, 3 करोड़ किसान परिवारों को मिलेगा लाभ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और महिलाओं के लिए जल्द ही विशेष पैकेज लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। इसके अलावा सरकार अलग से राहत पैकेज भी लाएगी, जिससे प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी विशेष पैकेज लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे। इसके लिए महिलाओं को रोजगार शुरू करने में सरकार की ओर से सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी और बीसी सखी योजनाओं का भी जिक्र किया।

इसके साथ ही किसानों और मजदूरों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश की प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय खोले जाएंगे। यहां कम कीमत पर भरपेट भोजन मिलेगा। इससे मंडियों में फसल लेकर आने वाले किसानों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देने के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को दीपावली का उपहार दिया। इसके लिए सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिलेंडर की कीमत में केंद्र की सब्सिडी के बाद लाभार्थियों को 648 रुपये 55 पैसे देने पड़ते हैं। अब राज्य सरकार ने यह राशि गैस कंपनियों को उपलब्ध करा दी है, जिससे पात्र परिवारों को सिलेंडर लेने के लिए अपनी जेब से पैसे नहीं देने होंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन लेने के लिए 25 हजार से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में देने पड़ते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत कर गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और असुरक्षा का माहौल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण बाजारों में रौनक है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने गरीबों, युवाओं और श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया। इनमें रोजगार के अवसर, आवास, बिजली, इलाज और श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय शामिल हैं।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडे, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना की महिला लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।