यूपी में पेराई सत्र 2026-27 की शुरुआत, 9 चीनी मिलों ने शुरू किया गन्ने की पेराई का काम

उत्तर प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की 9 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है। वहीं, प्रदेश की कुल 33 चीनी मिलों ने गन्ना खरीद और आपूर्ति के लिए इंडेंट जारी कर दिया है। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा मिलेगी और समय पर खेत खाली होने से गेहूं की बोआई भी की जा सकेगी।

गन्ना विकास विभाग के अनुसार, पेराई शुरू करने वाली 9 चीनी मिलों में सहकारी क्षेत्र की एक और निजी क्षेत्र की 8 मिलें शामिल हैं। इनमें सहारनपुर परिक्षेत्र की 3, मेरठ की 1, मुरादाबाद की 2 और लखनऊ परिक्षेत्र की 3 चीनी मिलें शामिल हैं।

इसके अलावा, प्रदेश की अन्य चीनी मिलों ने भी पेराई शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुल 33 मिलों में से 24 चीनी मिलों ने गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी किया है। इन मिलों का संचालन दीपावली से पहले शुरू होने की योजना है। वहीं, बाकी चीनी मिलें दीपावली के बाद अपना पेराई सत्र शुरू करेंगी।

विभाग ने सभी चीनी मिलों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने आवंटित गन्ना क्रय केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करें और तय समय पर संचालन शुरू करें। चीनी मिलों के समय से चलने से किसानों को गन्ना बेचने में आसानी होगी। साथ ही खेत समय पर खाली होने से किसान गेहूं की बोआई भी निर्धारित समय पर कर सकेंगे।