अयोध्या में दसवें दीपोत्सव-2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार पूरी रामनगरी को राममय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में अयोध्या नगर निगम की ओर से रामकथा पार्क से लेकर लता मंगेशकर चौक तक की दीवारों पर रामायण से जुड़े प्रसंगों और धार्मिक चित्रों को बनाया जा रहा है। इन चित्रों के माध्यम से दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भगवान श्रीराम के जीवन और त्रेता युग की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
दीवारों पर भगवान श्रीराम, माता सीता और रामायण के प्रमुख पात्रों के चित्र बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पारंपरिक दीपों की सुंदर आकृतियां भी उकेरी जा रही हैं। नगर निगम की ओर से ‘दीपोत्सव अयोध्या-2026’ का संदेश देते हुए स्वागत से जुड़े आकर्षक चित्र भी बनाए जा रहे हैं। कलाकार रंगों और कूची के माध्यम से रामायण की गाथा को दीवारों पर जीवंत कर रहे हैं। रात के समय रोशनी के बीच ये कलाकृतियां अयोध्या की सुंदरता को और बढ़ा रही हैं।
इस पहल का उद्देश्य केवल शहर की दीवारों को सुंदर बनाना नहीं है, बल्कि अयोध्या की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी सामने लाना है। इन चित्रों के जरिए रामायण के प्रसंगों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके जीवन और मर्यादा के बारे में भी जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम चाहता है कि अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को शहर में प्रवेश करते ही रामनगरी की गौरवशाली परंपराओं का अहसास हो।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि दसवां दीपोत्सव अयोध्या के लिए विशेष महत्व रखता है। इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। रामकथा पार्क और लता मंगेशकर चौक के आसपास की दीवारों पर भगवान श्रीराम से जुड़े प्रसंगों और पारंपरिक दीपों की कलाकृतियां बनवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का लक्ष्य पूरी अयोध्या को राममय स्वरूप देना है, ताकि श्रद्धालुओं को शहर के हर कोने में भगवान श्रीराम के आदर्शों और त्रेता युग की झलक दिखाई दे। इसके लिए नगर निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं। दीपों की रोशनी, रामायण के चित्रों और आकर्षक सजावट के साथ अयोध्या दसवें दीपोत्सव के स्वागत की तैयारी कर रही है।





