उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार लगातार नई तकनीक को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीएमएस), सैफई में शुरू की गई हेल्थ एटीएम सुविधा को मरीजों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। ओपीडी परिसर में शुरू हुई इस डिजिटल स्वास्थ्य जांच सुविधा के जरिए महज 15 दिनों में 1,000 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। वहीं, प्रतिदिन 100 से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकारी अस्पतालों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और बीमारियों की समय पर पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से यूपीएमएस सैफई की ओपीडी में क्लीनिक्स ऑन क्लाउड के सहयोग से हेल्थ एटीएम स्थापित किया गया है। इसका उद्घाटन 29 तारीख को किया गया था। इस सुविधा के जरिए मरीजों को एक ही जगह पर 65 से अधिक तरह की स्वास्थ्य जांच कराने का अवसर मिल रहा है।
हेल्थ एटीएम के माध्यम से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन का स्तर और हीमोग्लोबिन की जांच की जा सकती है। इसके अलावा लिवर और किडनी की कार्यक्षमता की जांच तथा लिपिड प्रोफाइल की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे मरीजों को शुरुआती जांच के लिए अलग-अलग जगहों पर जाने की जरूरत कम हो रही है।
इस डिजिटल मशीन से ट्रोपोनिन-टी जांच के साथ मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की शुरुआती जांच भी की जा सकती है। इसके अलावा फेफड़ों की कार्यक्षमता, कान, नाक और गले से जुड़ी जांच, आंखों की रोशनी और रंग पहचानने की क्षमता का परीक्षण भी किया जा सकता है। इसमें ईसीजी की सुविधा भी मौजूद है। जांच पूरी होने के बाद मरीजों को डिजिटल रिपोर्ट दी जाती है, जिससे वे अपनी स्वास्थ्य स्थिति की शुरुआती जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर टेलीमेडिसिन के जरिए डॉक्टरों से सलाह लेने की सुविधा भी उपलब्ध है।
हेल्थ एटीएम शुरू करने का उद्देश्य केवल मरीजों की जांच करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। कई बार लोग बीमारी बढ़ने के बाद अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे इलाज में देरी हो सकती है। ऐसे में इस सुविधा के जरिए शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाने में मदद मिल सकती है। खासतौर पर ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे का समय रहते आकलन किया जा सकता है। इससे मरीज सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेकर आगे का इलाज शुरू कर सकते हैं।




