लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में पीएम ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों के जरिए बालवाटिका से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इन चैनलों पर कक्षा और विषय के अनुसार कार्यक्रम दिखाए जाते हैं, जिससे बच्चे वीडियो, कहानियों और गतिविधियों के माध्यम से आसानी से पढ़ सकें।
इन पांच चैनलों को अलग-अलग कक्षाओं के लिए बांटा गया है। चैनल 173 पर बालवाटिका से कक्षा 2 तक, 174 पर कक्षा 3 से 5 तक, 175 पर कक्षा 6 से 8 तक, 176 पर कक्षा 9 और 10 तथा 177 पर कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम प्रसारित होते हैं। इससे विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई की सामग्री मिल रही है।
प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों को भाषा, गिनती, रंगों और आकृतियों की जानकारी कहानियों और गतिविधियों के जरिए दी जाती है। कक्षा 3 से 5 तक हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन की सामग्री दिखाई जाती है। वहीं कक्षा 6 से 10 तक हिंदी, अंग्रेजी, गणित और सामाजिक विज्ञान के कार्यक्रम प्रसारित होते हैं। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों की सामग्री उपलब्ध है।
इन कार्यक्रमों की शूटिंग एसआईईटी के स्टूडियो में निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल की देखरेख में की जाती है। कार्यक्रमों को विद्यार्थियों की जरूरत और कक्षा के स्तर के अनुसार सरल और रोचक बनाया जाता है। संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान के अनुसार, इन चैनलों का संचालन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश के माध्यम से किया जा रहा है।
पीएम ई-विद्या के पांचों चैनल डीटीएच के साथ यूट्यूब पर भी उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थी और शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार वीडियो देख सकते हैं और पढ़ाए गए पाठों को दोहरा सकते हैं। स्कूल शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य तकनीक के जरिए शिक्षा को आसान और सुलभ बनाना है, ताकि प्रदेश के हर बच्चे को अच्छी शिक्षण सामग्री मिल सके।




