ताइवान की कंपनी यूपी में करेगी ₹1,141 करोड़ का निवेश, 1,150 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

लखनऊ, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए ताइवान की प्रमुख टेक कंपनी क्रिएटिव सेंसर इंक. ने ₹1,141 करोड़ (122 मिलियन डॉलर) के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी के चेयरपर्सन यूजीन हुआंग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर यह प्रस्ताव रखा। इस निवेश से प्रदेश में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और सेंसर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इससे 1,150 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

मुलाकात के दौरान यूजीन हुआंग ने उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी कार्यप्रणाली और निवेश के अनुकूल नीतियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल ने वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। कंपनी उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का हिस्सा बनकर यहां अपनी विनिर्माण इकाई स्थापित करना चाहती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल हो रहा है। सरकार एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए कंपनी को हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने यीडा क्षेत्र में 300 एकड़ में विकसित हो रही ताइवान सिटी और प्रस्तावित सेमीकंडक्टर इकाई का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों को सुरक्षित माहौल और पूरा सहयोग दिया जाएगा। इस परियोजना से आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

ताइपे मुख्यालय वाली क्रिएटिव सेंसर इंक. की स्थापना 1998 में हुई थी और यह 2005 से ताइवान स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध है। कंपनी इमेज सेंसर, कैमरा और इन्फ्रारेड सेंसर मॉड्यूल, प्रिसीजन इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ एआई आधारित इमेज प्रोसेसिंग और इंडस्ट्रियल इंस्पेक्शन सॉल्यूशन के क्षेत्र में काम करती है। प्रस्तावित परियोजना से 200 से अधिक उच्च कौशल वाले रोजगार भी मिलेंगे, जिनमें स्थानीय इंजीनियरों और प्रबंधन से जुड़े पेशेवरों को अवसर मिलेगा।

कंपनी ने वर्ष 2030 तक 250 मिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है। इस निवेश से उत्तर प्रदेश का वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन से जुड़ाव मजबूत होगा और प्रदेश में आधुनिक तकनीक के विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार और काम करने के नए अवसर मिल सकेंगे।