वाराणसी, 23 नवंबर। काशी में देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को इस पर्व पर गंगा के घाटों, कुंडों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ 2100 स्वदेशी ड्रोन शो, लेजर शो और हरित आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे। प्रशासन को 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
काशी के 88 घाटों पर करीब पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं, गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। दीप जलाने का समय शाम 5:15 से 5:45 बजे तक रखा गया है। इसके बाद शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती होगी।
देव दीपावली पर चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा। वहीं, गंगा पार में 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए भगवान शिव, शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य दिखाए जाएंगे। रात 8:30 बजे ललिता घाट के सामने हरित आतिशबाजी होगी। पूरे शहर के प्रमुख भवनों, सरकारी कार्यालयों और होटलों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गंगा घाट क्षेत्र को 20 और गंगा पार के क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा, आवागमन और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को फूलों और रोशनी से सजाया जाएगा। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजावट की जाएगी। यहां होने वाली महाआरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित रहेगी। इस दौरान 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की आरती करेंगी।
गंगोत्री सेवा समिति की ओर से दशाश्वमेध घाट पर 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। घाट को करीब 500 किलोग्राम फूलों से सजाया जाएगा। वहीं, पुष्कर तालाब पर काशी की महान विभूतियों की याद में 2100 दीप जलाए जाएंगे। इनमें मदन मोहन मालवीय, गिरिजा देवी, बिस्मिल्लाह खां और पंडित छन्नूलाल मिश्र सहित कई हस्तियों को याद किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर देवता स्वर्ग से उतरकर काशी के गंगा घाटों पर आते हैं और मां गंगा की आरती में शामिल होते हैं। पौराणिक कथा के मुताबिक, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इस जीत की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा आज पूरे काशी में फैल चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन को देखने के लिए वाराणसी पहुंचते हैं।





