अयोध्या, 23 नवंबर। अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के पुराने सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को नई मजबूती देगी। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह रेल सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का उदाहरण है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है, जबकि जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि है। दोनों स्थानों का संबंध हजारों साल पुराना है। इस ट्रेन से नेपाल के श्रद्धालु आसानी से अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारतीय भक्तों को जनकपुर में माता जानकी के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भारत-नेपाल के रिश्तों को राम-जानकी की परंपरा से जुड़ा ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ बताया।
योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों की संस्कृति और आस्था भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। नेपाल के पशुपतिनाथ और वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम के बीच पुराना धार्मिक संबंध है। उन्होंने लुंबिनी, सारनाथ, श्रावस्ती और कुशीनगर जैसे बौद्ध स्थलों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत दोनों देशों के बीच सड़क, रेल, डिजिटल और व्यापारिक संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के सात जिले करीब 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। रुपईडीहा में लैंड पोर्ट तैयार है और बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे सहित कई सड़क और रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने 1,450 करोड़ रुपये की लागत से बने 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग, प्रस्तावित गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक बनने वाले श्रीराम-जानकी मार्ग का भी जिक्र किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस बिहार के सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी। इससे रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव होगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ व्यापार, होटल, परिवहन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग बनाने वाली महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस रेल सेवा से स्थानीय कलाकारों को अपने उत्पाद नए बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल हुए। वहीं, अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।





