‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ में 1.60 लाख से अधिक छात्रों ने कराया पंजीकरण, 5 नवंबर तक बढ़ी अंतिम तारीख

उत्तर प्रदेश में भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए योगी सरकार की ओर से शुरू की गई ‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ को युवाओं का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इस राष्ट्रीय ज्ञान प्रतियोगिता के लिए अब तक 1 लाख 60 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके हैं। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मौका देने के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख बढ़ाकर 5 नवंबर 2026 कर दी गई है।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को भारत के प्राचीन ज्ञान, दर्शन, विज्ञान, कला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि युवा अपनी संस्कृति और इतिहास को समझें और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।

मंगलवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ स्थित अपने आवास से ऑनलाइन बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य, निजी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों, परीक्षा नियंत्रकों, कॉलेजों के प्राचार्यों और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्राध्यापकों और नोडल अधिकारियों की टीमें बनाकर विद्यार्थियों तक पहुंचने को कहा गया है।

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को नोडल अधिकारी और परीक्षा नियंत्रकों को परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, उनका सुरक्षित रखरखाव, परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाना और उत्तर पुस्तिकाओं का सही तरीके से मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।

‘भारत बौद्धिक्स 2.0’ की परीक्षा 21 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ऑफलाइन माध्यम से आयोजित होगी। इसमें कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान विषयों के स्नातक और परास्नातक स्तर के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। परीक्षा का पाठ्यक्रम और जरूरी दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट bharatboudhiks.com पर उपलब्ध हैं।

प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में मूल्यांकन के बाद विजेताओं का चयन होगा। प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 300 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से बड़ी संख्या में युवा भारतीय ज्ञान और संस्कृति से जुड़ेंगे।