नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, हादसे में भारतीय नागरिक की मौत, तीन घायल

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के फेरीचे इलाके में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। फेरीचे इलाका माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले रास्ते पर स्थित है और समुद्र तल से करीब 4,371 मीटर की ऊंचाई पर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी कंपनियों के हेलीकॉप्टर शामिल थे। दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर उस समय हुई, जब वे लैंडिंग और उड़ान से जुड़ी गतिविधियों में थे।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान 47 वर्षीय वसंत कुमार बालारामुडु के रूप में हुई है। वह तमिलनाडु के चेन्नई के रहने वाले थे और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। वहीं, घायलों में भारतीय मूल के न्यूजीलैंड निवासी यात्री शैलेश कृष्ण पटेल और दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए काठमांडू के अस्पतालों में पहुंचाया गया।

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में हेलीकॉप्टरों के आसपास धूल और बर्फ उड़ती दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जानकारी के बावजूद टक्कर की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि नेपाल का माउंट एवरेस्ट क्षेत्र बेहद ऊंचाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के लिए जाना जाता है। यहां पर्यटकों, पर्वतारोहियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए हेलीकॉप्टर महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर और एक भारतीय नागरिक की मौत ने पहाड़ी इलाकों में हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।