उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार, 24 सितंबर को रायबरेली से अपनी PDA रथ यात्रा की शुरुआत की। अखिलेश यादव PDA बस में सवार होकर लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते रायबरेली पहुंचे।
अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने से पहले ही रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ दिखाई दी। मोहनलालगंज से लेकर बछरावां और चुरूवा बॉर्डर तक कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा रहे और अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए।
रायबरेली में अखिलेश यादव के स्वागत का एक वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा में हैं। बछरावां क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर के जरिए अखिलेश यादव के रथ पर फूलों की बारिश की। कन्नावा के पास तीन बुलडोजर खड़े किए गए थे और जैसे ही अखिलेश यादव का रथ वहां पहुंचा, बुलडोजरों से पुष्पवर्षा की गई।
इस दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम और नारेबाजी से माहौल पूरी तरह राजनीतिक नजर आया। सपा के लिए यह यात्रा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनसंपर्क और संगठन को सक्रिय करने के अभियान का हिस्सा है। PDA के जरिए पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों तक अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करने पर जोर दे रही है।
रायबरेली को यात्रा की शुरुआत के लिए चुने जाने की राजनीतिक अहमियत भी है। यह क्षेत्र कांग्रेस के मजबूत इलाकों में गिना जाता है और राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र भी है। ऐसे में अखिलेश यादव की यहां से यात्रा शुरू होने पर यूपी की सियासत में इसकी चर्चा बढ़ गई है।





