प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अलग-अलग मौकों पर मिले खास उपहारों और स्मृति चिन्हों की ऑनलाइन नीलामी शुरू हो गई है। संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित इस ई-नीलामी में देश के अलग-अलग हिस्सों की कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़े करीब 1,498 स्मृति चिन्ह शामिल किए गए हैं। नीलामी 17 सितंबर 2026 से शुरू हुई है और इसमें 2 अक्टूबर 2026 तक बोली लगाई जा सकती है।
इस बार नीलामी में कई खास स्मृति चिन्ह शामिल हैं। इनमें मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों की प्रतिकृतियां, पेंटिंग, शॉल, हस्तशिल्प और अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक कलाकृतियां शामिल हैं। कुछ खास वस्तुओं की शुरुआती कीमत लाखों रुपये रखी गई है। काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति की शुरुआती कीमत 9 लाख रुपये, ‘ट्री ऑफ लाइफ’ गोंड आर्ट पेंटिंग की 7.50 लाख रुपये और रथ पर जगन्नाथ परिवार की प्रतिकृति की शुरुआती कीमत 6 लाख रुपये रखी गई है।
नीलामी में राज्यों की क्षेत्रीय कला और संस्कृति को भी खास जगह दी गई है। बिहार से जुड़े स्मृति चिन्हों में मधुबनी और मंजूषा कला, सिक्की शिल्प और धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी कलाकृतियां शामिल हैं। वहीं गुजरात से अंबाजी, सोमनाथ और द्वारकाधीश मंदिरों की प्रतिकृतियों के साथ भुजोड़ी शॉल और लिप्पन कला जैसी वस्तुएं भी नीलामी का हिस्सा हैं।
जो लोग इस ई-नीलामी में हिस्सा लेना चाहते हैं, वे PM Mementos के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर उपलब्ध स्मृति चिन्हों की सूची और उनकी शुरुआती कीमत देख सकते हैं। पसंद की वस्तु चुनने के बाद पोर्टल पर दिए गए निर्देशों के अनुसार रजिस्ट्रेशन करके बोली लगाई जा सकती है। नीलामी से जुड़े नियम और शर्तें भी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
इस ई-नीलामी से मिलने वाली राशि नमामि गंगे कार्यक्रम के लिए इस्तेमाल की जाएगी। प्रधानमंत्री को मिले स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी की शुरुआत 2019 में हुई थी। पिछली नीलामियों के जरिए नमामि गंगे परियोजना के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई जा चुकी है।




