‘बबुआ को समझाइए, लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है’, गोरखपुर में सीएम योगी का अखिलेश यादव पर हमला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, बल्कि बदलाव होता है और यह बदलाव जनता अपने वोट से करती है। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘बबुआ को कोई समझाए कि लोकतंत्र में बदला लेने की नहीं, बल्कि जनता के फैसले का सम्मान करने की व्यवस्था है।

‘दरअसल, अखिलेश यादव ने दिल्ली में अपने बयान में कहा था कि आने वाली पीढ़ी लाठी की हर चोट और हर जख्म का बदला लेगी। इसी बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष को लोकतंत्र की मर्यादा समझनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने 2014 में केंद्र में और 2017 में उत्तर प्रदेश में बदलाव का फैसला सुनाया था। यह ताकत किसी राजनीतिक दल के पास नहीं, बल्कि जनता के पास है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार मिलने के बाद विपक्ष जनादेश का सम्मान करने के बजाय उस पर सवाल उठाता है। सीएम योगी के मुताबिक, लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे ऊपर होता है और सभी राजनीतिक दलों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए भाजपा की जीत को जनता के समर्थन का परिणाम बताया।

इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला गोरखपुर दौरा था। भाजपा की इस पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर करीब 1200 मीटर की दूरी तय करते हुए गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन होना था। भाजपा ने इस आयोजन में करीब एक लाख कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा था। शहर में 18 स्थानों पर पदयात्रा का स्वागत करने की भी तैयारी की गई थी। इस दौरान भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र और जनादेश के सम्मान का संदेश देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा।