LoC के पास सेना का आई कैंप, 220 लोगों की आंखों की सफल सर्जरी

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास भारतीय सेना ने स्थानीय लोगों के लिए विशेष आई सर्जिकल कैंप लगाया। ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत आयोजित इस कैंप में 220 लोगों की आंखों की सफल सर्जरी की गई। संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद सेना ने सुरक्षा के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की।

कैंप में ज्यादातर मरीजों की मोतियाबिंद की सर्जरी की गई। इसके अलावा जरूरत के अनुसार रेटिना से जुड़ी प्रक्रियाएं और ग्लूकोमा की आधुनिक सर्जरी भी की गई। सेना के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कठिन पहाड़ी इलाकों और सीमित सुविधाओं के बीच आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ मरीजों का इलाज किया।

इस कैंप में तंगधार और आसपास के कई गांवों से लोग पहुंचे। सेना ने मरीजों की स्क्रीनिंग, उन्हें कैंप तक पहुंचाने, सर्जरी और इलाज के बाद की देखभाल में भी मदद की। स्थानीय लोगों के लिए यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में आंखों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचना आसान नहीं होता।

‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत सेना पहले भी जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर चुकी है। इस अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। तंगधार में आयोजित यह कैंप सेना की सुरक्षा जिम्मेदारी के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति उसकी भूमिका को भी सामने लाता है।