CM विजय का बड़ा फैसला, सरकारी भर्तियों में 5 साल बढ़ी अधिकतम आयु सीमा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा पांच साल बढ़ाने का फैसला किया है। यह छूट 30 अक्टूबर 2026 से लागू होगी और अगले पांच साल तक जारी रहेगी।

सरकार ने यह फैसला प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों की मांग को देखते हुए लिया है। खास बात यह है कि पांच साल की यह अतिरिक्त छूट पहले से मिल रही आरक्षण संबंधी आयु छूट के अलावा होगी। इसका लाभ पिछड़ा वर्ग (BC), अति पिछड़ा वर्ग (MBC), अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पात्र वर्गों के उम्मीदवारों को भी मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत ग्रुप-1 की सरकारी नौकरियों में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 32 से बढ़ाकर 37 साल कर दी गई है। आरक्षित वर्ग के लिए यह सीमा 37 से बढ़ाकर 42 साल होगी। वहीं, ग्रुप-2 और ग्रुप-2A में सामान्य वर्ग के उम्मीदवार अब 35 साल तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि पहले यह सीमा 30 साल थी।

ग्रुप-4 की भर्तियों में भी आयु सीमा बढ़ाई गई है। इसके अलावा दिव्यांग उम्मीदवारों को भी पांच साल की अतिरिक्त छूट मिलेगी। अलग-अलग पदों और वर्गों के हिसाब से नई आयु सीमा तय की गई है।

सरकार के इस फैसले से तमिलनाडु के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का एक और मौका मिलेगा। खासकर उन उम्मीदवारों को राहत मिलेगी, जो भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण पहले निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके थे या उसके करीब पहुंच गए थे।