बेटी की शादी में अनंत सिंह कराएंगे भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता, विजेता को मिलेगा महिंद्रा थार

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह अपनी छोटी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए खास तैयारी कर रहे हैं। बेटी की शादी के मौके पर वह अपने पैतृक गांव नदवां (लदमा) में भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराने जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि इसमें पहले स्थान पर आने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को होने वाली है। इसी दिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से नामी घोड़े और उनके घुड़सवार हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में घोड़ों की रफ्तार और उनके प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा।

अनंत सिंह ने प्रतियोगिता के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की है। पहले स्थान पर आने वाले विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी दी जाएगी। अनंत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए भी इस आयोजन की जानकारी साझा की है। वह हाल ही में अपने पैतृक गांव पहुंचकर घुड़दौड़ के मैदान और शादी की तैयारियों का जायजा भी ले चुके हैं।

अनंत सिंह को घोड़ों और घुड़सवारी का शौक रहा है। वह इससे पहले भी अपने गांव में कुश्ती और दंगल जैसे बड़े आयोजन करा चुके हैं। ऐसे में बेटी की शादी के अवसर पर होने वाली यह घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी खास आकर्षण बनने जा रही है। अब देखना होगा कि देशभर से आने वाले घोड़ों के बीच कौन बाजी मारता है और किसके नाम महिंद्रा थार का इनाम होता है।