यूपी के 12 जिलों में लगेंगी महापुरुषों की भव्य प्रतिमाएं, योगी सरकार ने तैयार की योजना

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य के 12 जिलों में महापुरुषों, ऐतिहासिक हस्तियों और वीरों की भव्य प्रतिमाएं स्थापित कराने जा रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को इस योजना की जानकारी दी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना और उन्हें प्रेरित करना है।

योजना के तहत लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा लगाई जाएगी। यह प्रतिमा घोड़े पर सवार मुद्रा में होगी। आगरा में महाराजा सूरजमल और गोरखपुर एयरपोर्ट के पास गुरु गोरखनाथ की 12.5 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गोरखपुर में गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा खड़ी मुद्रा में होगी। शाहजहांपुर के बरेली मोड़ पर महाराणा प्रताप की घोड़े पर सवार प्रतिमा लगाई जाएगी।

प्रतापगढ़ के कंधरपुर बाजार और गाजीपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फुट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित होंगी। गोंडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की छह फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा और फिरोजाबाद के मचन गांव में शहीद कैप्टन देवेश कुमार कुलश्रेष्ठ की तीन फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा लगाई जाएगी।

इसके अलावा मुरादाबाद के तुकना स्थित लोहिया पार्क के पास और वाराणसी के गलट बाजार पुलिस चौकी के पास महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची घुड़सवार प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। महाराजगंज के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में शिब्बन लाल सक्सेना की छह फुट ऊंची सफेद संगमरमर की प्रतिमा लगाई जाएगी। वहीं, रामपुर में पहले प्रस्तावित महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अब बाराबंकी में स्थापित करने का फैसला लिया गया है।

इन प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए संस्कृति विभाग आधार चबूतरों का निर्माण करा रहा है। इसके लिए संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, निर्माण कार्य पूरा होते ही प्रतिमाएं जल्द स्थापित की जाएंगी।