‘मेरी आंखों की रोशनी लौटा देना…’, ‘हनुमान अंश’ फेम सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, भगवान से मांगी दुआ

फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से देशभर में पहचान बनाने वाले गायक सुनील लोधी की जिंदगी में अब एक नई उम्मीद जगी है। जन्म से ही आंखों की रोशनी नहीं होने के कारण दुनिया को देख पाने में असमर्थ सुनील के आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अस्पताल से अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ ही उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि उनके जीवन में भी रोशनी लौट आए और वह अपनी आंखों से इस खूबसूरत दुनिया को देख सकें।

मध्य प्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले करीब 25 वर्षीय सुनील सिंह लोधी अपनी सुरीली आवाज और बुंदेली अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने गांव की चौपालों, धार्मिक कार्यक्रमों और यहां तक कि ट्रेनों में भजन गाकर अपनी पहचान बनाई। उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया, जब फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाया गया उनका भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया। सोशल मीडिया पर इस भजन की हजारों रील्स बनीं और देखते ही देखते सुनील की आवाज देशभर में पहचानी जाने लगी।

सुनील की कहानी सामने आने के बाद लोगों ने उनके इलाज में मदद करने की अपील की थी। इसके बाद फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने उनकी आंखों के इलाज में मदद करने की पहल की। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सुनील के इलाज में सहायता का भरोसा दिया था। इस दिशा में फिल्म की टीम और मध्य प्रदेश सरकार ने मिलकर प्रयास किए, जिससे उनके इलाज का रास्ता आगे बढ़ा।

सुनील ने अपनी भावुक पोस्ट में लिखा कि अब उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लोगों की दुआओं और आशीर्वाद से उनके मन में एक नई उम्मीद जगी है। उन्होंने अपने माता-पिता का जिक्र करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि वर्षों से उनके माता-पिता की आंखों में बसा इंतजार पूरा हो और वह भी अपनी आंखों से इस दुनिया को देख सकें। उन्होंने अपने चाहने वालों से दिल से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

फिलहाल सुनील की आंखों की जांच और इलाज की प्रक्रिया चल रही है। डॉक्टरों की जांच और रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उनकी आंखों की रोशनी वापस आने की कितनी संभावना है। हालांकि, इलाज शुरू होने से सुनील और उनके परिवार को एक नई उम्मीद मिली है। अब उनके प्रशंसक भी यही दुआ कर रहे हैं कि उनकी जिंदगी में जल्द ही उजाला लौटे और वह पहली बार अपनी आंखों से इस दुनिया को देख सकें।