वाराणसी में पुलिस टीम पर तस्करों का हमला, कांस्टेबल को मारी तीन गोलियां

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक कांस्टेबल को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, लंका थाने की क्राइम टीम को नरिया तिराहे के पास सुंदरपुर सब्जी मंडी के पीछे स्थित आशुतोष नगर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर चार पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। टीम ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान तीसरे युवक ने अचानक पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।

फायरिंग के दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। उनके हाथ और पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के करछना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पिछले करीब तीन वर्षों से वाराणसी के लंका थाने में तैनात हैं। वह इससे पहले स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में भी काम कर चुके हैं और एटीएस से प्रशिक्षण ले चुके हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। फरार हमलावर की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस घटना ने वाराणसी में अपराधियों के बढ़ते हौसले और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।