यूपी के युवाओं को योगी सरकार की सौगात, 5 जिलों में बनेंगे आधुनिक कौशल विकास केंद्र; पोर्टल का भी होगा लोकार्पण

उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए योगी सरकार एक नई पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 1,725 करोड़ रुपये की कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार योजना की शुरुआत करेंगे। इस दौरान योजना से जुड़े विशेष पोर्टल का भी लोकार्पण किया जाएगा।

योजना के पहले चरण में लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी और गौतमबुद्ध नगर में आधुनिक कौशल विकास एवं रोजगार केंद्र बनाए जाएंगे। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों को नौ जोन में बांटकर युवाओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। इन केंद्रों के लिए 10 से 25 एकड़ तक जमीन की व्यवस्था होगी।

इस योजना के तहत युवाओं को उनकी पढ़ाई और रोजगार की जरूरत के हिसाब से प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग करने वाले युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि दूसरे विषयों से पढ़ाई करने वाले युवाओं को भी रोजगार से जुड़े हुनर सिखाए जाएंगे। इसके अलावा, देश और विदेश में नौकरी पाने के लिए अलग-अलग भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

सरकार का लक्ष्य युवाओं को सिर्फ प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि उन्हें देश और विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी है। इस योजना के तहत उद्योगों की जरूरत के अनुसार ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि युवाओं को नौकरी पाने में आसानी हो सके। पूरी योजना पर अगले तीन वर्षों में करीब 1,725 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित युवाओं को जॉब और प्लेसमेंट लेटर भी दिए जाएंगे।

वहीं, अपना कारोबार शुरू करने वाले लाभार्थियों को टूलकिट और आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए जाएंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को हुनरमंद बनाना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और उत्तर प्रदेश को कुशल कामगारों का बड़ा केंद्र बनाना है।