‘यह शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं’, DDTA ने राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी, 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (DDTA) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली स्थगित करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि दिल्ली में लगातार हो रहे धरने और राजनीतिक रैलियों से कारोबार, यातायात और आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

DDTA के सचिव आशीष ग्रोवर ने अपने पत्र में कहा कि जिस तरह कुछ जरूरी कारणों से 30 अक्टूबर को होने वाला मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किया गया है, उसी तरह 1 नवंबर की रैली को भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से मौजूदा हालात को देखते हुए अपने फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है।

एसोसिएशन ने कहा कि लगातार होने वाले प्रदर्शनों से व्यापारियों, दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। खासकर त्योहारों और शादी के सीजन में बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही जरूरी है। ऐसे में रैली के कारण यातायात और बाजारों में रुकावट आने से कारोबार पर और असर पड़ सकता है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि जब कोई मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और संबंधित पक्ष अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, तो राजनीतिक टकराव के बजाय न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा करना चाहिए। एसोसिएशन ने संसद, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया है।

DDTA ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और अपनी बात रखने के अधिकार को लोकतंत्र का हिस्सा बताया, लेकिन कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण आम जनता और व्यापारियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पत्र के अंत में एसोसिएशन ने कहा कि यह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और दिल्ली के लाखों नागरिकों के हितों को प्राथमिकता देने का समय है। फिलहाल राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से इस मांग पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।