प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान हादसा, कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती

बॉलीवुड और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान हैदराबाद में रहने के दौरान उन्हें एक जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद संक्रमण तेजी से फैल गया। अभिनेता फिलहाल कोलकाता के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटिंग पूरी करने के बाद जब राजेश शर्मा हैदराबाद से कोलकाता लौट रहे थे, उसी दौरान उनके पैर में कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में इसे सामान्य माना गया, लेकिन कुछ ही समय में उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया। अभिनेता पहले से मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित हैं, जिसके कारण संक्रमण तेजी से बढ़ा और उनकी ब्लड शुगर भी अचानक बढ़ गई। इसके साथ ही उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

अभिनेता की करीबी मित्र और अभिनेत्री सुदीपा चट्टोपाध्याय ने उनकी सेहत की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती समय में स्थिति काफी गंभीर थी, लेकिन डॉक्टरों के उपचार के बाद अब उनकी हालत पहले से स्थिर है। हालांकि संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण आराम करने की सलाह दी है।

राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही फिल्म और टेलीविजन जगत में चिंता का माहौल बन गया। कई कलाकारों और प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। बताया जा रहा है कि अभिनेता की चिकित्सा पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।

राजेश शर्मा हिंदी और बंगाली सिनेमा के सबसे व्यस्त और प्रतिभाशाली अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने ‘परिणीता’, ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘मिशन रानीगंज’ समेत कई चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से उनके प्रशंसकों के बीच चिंता बढ़ गई है और सभी उनके जल्द स्वस्थ होकर शूटिंग पर लौटने की कामना कर रहे हैं।