समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘जो लोग क्योटो-स्पेन को ठीक नहीं कर सकते, उनसे क्या उम्मीद करोगे आप?’ अखिलेश का सीधा निशाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादे पर था, जिसमें वाराणसी को जापान के क्योटो शहर जैसा बनाने और उत्तर प्रदेश की सड़कों को स्पेन जैसी चमकाने का दावा किया गया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने 10 साल में सिर्फ वादों और विज्ञापनों की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि वाराणसी आज भी जलजमाव, टूटी सड़कों और गंदगी से जूझ रहा है, तो उसे क्योटो कैसे कहा जा सकता है। इसी तरह प्रदेश की सड़कों पर गड्ढे हैं, लेकिन सरकार उन्हें यूरोप के देशों जैसा बता रही है। उन्होंने कहा कि जमीन पर काम जीरो है और प्रचार सौ गुना ज्यादा किया जा रहा है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और खराब स्वास्थ्य सेवाओं से परेशान है, लेकिन सरकार ध्यान भटकाने के लिए नए-नए नारे दे रही है।
उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपने कार्यकाल में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, 108-102 एम्बुलेंस और लैपटॉप जैसी योजनाएं जमीन पर उतार कर दिखाई थीं। सपा जो कहती है वो करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा के झूठे वादों की पोल खोलें। अखिलेश के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई है, भाजपा इसे विकास विरोधी बयान बता रही है, जबकि सपा समर्थक इसे सरकार की नाकामी पर करारा जवाब मान रहे हैं।




