संयुक्त अरब अमीरात में एक नेपाली सिक्योरिटी गार्ड की किस्मत ने अचानक ऐसी करवट ली कि उसकी जिंदगी बदल गई। अबू धाबी में काम करने वाले 26 वर्षीय तैयब खान ने UAE Lottery का 30 मिलियन दिरहम यानी करीब 8.2 मिलियन डॉलर का जैकपॉट जीत लिया। खास बात यह है कि यह रकम सिर्फ तैयब की नहीं होगी, क्योंकि उन्होंने यह टिकट चार दोस्तों के साथ मिलकर खरीदा था। पांचों दोस्तों के बीच पूरी पुरस्कार राशि बराबर बांटी जाएगी।
तैयब करीब चार साल पहले नेपाल से बेहतर रोजगार की तलाश में UAE पहुंचे थे। वह अबू धाबी के रुवैस इंडस्ट्रियल एरिया में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते हैं। उन्होंने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर टिकट खरीदने के लिए पैसे जमा किए थे। पांचों ने अपने ग्रुप का नाम “Future Millionaires” रखा था और नियमित रूप से लॉटरी में हिस्सा लेते थे।
27 मई 2026 के Lucky Day ड्रॉ में इस ग्रुप के टिकट ने सभी सात विजेता नंबरों का मिलान कर लिया। तैयब उस समय ड्रॉ देख भी नहीं रहे थे। उन्हें अपनी जीत की जानकारी ईमेल के जरिए मिली। शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पहले की तरह कोई छोटी जीत होगी, लेकिन ईमेल खोलने पर 30 मिलियन दिरहम की रकम देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि उस समय उनके हाथ-पैर कांपने लगे और उन्हें यह सपना जैसा लगा।
पूरी रकम को पांच बराबर हिस्सों में बांटा जाएगा। यानी तैयब और उनके चारों दोस्तों को 6-6 मिलियन दिरहम मिलेंगे। भारतीय मुद्रा में तैयब का हिस्सा लगभग 15 से 16 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है, जबकि पूरे जैकपॉट की कीमत लगभग 78 करोड़ रुपये के बराबर बताई गई है।तैयब ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता नेपाल में अपने परिवार के लिए एक अच्छा घर बनाना है। इसके अलावा वह नौकरी छोड़कर निवेश और कारोबार के अवसर तलाशना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने अपने लिए कुछ सपनों की चीजों का भी जिक्र किया है, जिनमें Mahindra Thar और Rolex घड़ी शामिल हैं।
इस जीत को तैयब ने अकेले की सफलता नहीं माना है। उनके मुताबिक, उनके चारों दोस्तों की भी जिंदगी अलग-अलग परिस्थितियों में चल रही है। किसी का परिवार लंबे समय से उससे दूर है, कोई हाल ही में शादी कर चुका है और कोई हाल में पिता बना है। अब 30 मिलियन दिरहम की यह जीत पांचों दोस्तों के बीच साझा होगी और उनके लिए आर्थिक रूप से एक बड़ा बदलाव लेकर आएगी।





