शराब की लत बनी मौत की वजह! माता-पिता ने बेटे को जबरन पिलाया एसिड, फिर उतार दिया मौत के घाट

गुजरात के राजकोट जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दंपति ने अपने ही बेटे की कथित तौर पर पहले एसिड पिलाकर और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शुरुआती दौर में परिवार ने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में पूरा मामला हत्या का निकला।यह घटना 30 जून को गुजरात के राजकोट जिले के गोंडल तालुका के गुंडाला गांव में हुई। मृतक की पहचान राम भरवाड़ के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने दावा किया कि राम ने स्वयं एसिड पीकर आत्महत्या कर ली, लेकिन फॉरेंसिक जांच में मौत का कारण गला दबाना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की दिशा बदलते हुए हत्या की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मृतक राम भरवाड़ बेरोजगार था और उसे शराब पीने की लत थी। आए दिन शराब के नशे में घर में झगड़ा और मारपीट करता था, जिससे परिवार लंबे समय से परेशान था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि माता-पिता ने कथित तौर पर बेटे की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

जांच के मुताबिक, विवाद के दौरान माता-पिता ने पहले बेटे को जबरन एसिड पिलाया। इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मौत एसिड पीने से नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी माता-पिता के खिलाफ हत्या और एसिड से गंभीर चोट पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं।घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद इस हद तक पहुंच जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा, नशे की लत और पारिवारिक तनाव के गंभीर परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित करता है।