गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चरगांवा में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए राजकीय महिला शरणालय भवन का लोकार्पण करेंगे। महिला कल्याण विभाग की ओर से बनाए गए इस शरणालय में एक साथ 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था की गई है। इसका निर्माण महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।
नवनिर्मित भवन में महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां 10 डारमेट्री, चार अध्ययन कक्ष, पुस्तकालय, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था है। इस शरणालय में ऐसी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने पर जोर दिया गया है, जिन्हें किसी कारणवश संरक्षण और सहायता की जरूरत होती है। यहां रहने वाली महिलाओं को जरूरी सुविधाओं के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सहायता भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला शरणालय के लोकार्पण के साथ चरगांवा में निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का भी निरीक्षण करेंगे। करीब 14.87 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में 100 किशोरों के रहने की व्यवस्था होगी। साथ ही किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक भी तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
महिला शरणालय और किशोर संप्रेक्षण गृह जैसी परियोजनाओं के जरिए सरकार जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और पुनर्वास की सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। गोरखपुर में इन सुविधाओं के विस्तार से सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सरकारी ढांचे को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।





