मेघालय में BJP को बड़ी बढ़त, UDP के 8 विधायक पार्टी में शामिल

मेघालय की राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 मौजूदा विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन विधायकों ने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

BJP में शामिल होने वाले विधायकों में लखमेन रिम्बुई, पियूस मारवेन, किर्मेन श्यल्ला, मायरालबोर्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीड कुपर सिनरेम और सिनशर लिंगदोह थबाह शामिल हैं। इन 8 विधायकों के BJP में आने के बाद मेघालय विधानसभा में पार्टी की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो गई है। वहीं UDP के विधायकों की संख्या 12 से घटकर 4 रह गई है।

60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में इस बदलाव के बाद BJP राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। राज्य में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के नेतृत्व वाली सरकार है और BJP तथा UDP दोनों ही सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा रहे हैं। ऐसे में UDP के 8 विधायकों का BJP में जाना राज्य के मौजूदा राजनीतिक समीकरण में अहम बदलाव माना जा रहा है।

इन विधायकों के BJP में शामिल होने से पहले पार्टी नेतृत्व के साथ कई दौर की बातचीत हुई थी। इस दौरान खासी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने, कोयला खनन से जुड़े मुद्दों, मेघालय रेजिडेंट्स सेफ्टी एंड सिक्योरिटी एक्ट (MRSSA) को लागू करने और शिलॉन्ग की हरिजन कॉलोनी के पुनर्वास जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नए विधायकों का BJP में स्वागत करते हुए कहा कि मेघालय और पूर्वोत्तर में विकास के कामों से प्रभावित होकर इन नेताओं ने BJP के साथ आने का फैसला किया है। इस घटनाक्रम को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले मेघालय की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। 8 विधायकों के BJP में शामिल होने से राज्य में पार्टी की विधानसभा संख्या के साथ-साथ उसका राजनीतिक प्रभाव भी बढ़ा है।