उत्तर प्रदेश में VIP और महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। राज्य सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत सुरक्षा बलों के लिए आधुनिक हथियार और जरूरी सुरक्षा उपकरण खरीदने को मंजूरी दी है। इसके तहत VIP सुरक्षा में तैनात गनरों के पुराने हथियारों को अपग्रेड किया जाएगा। सरकार ने 800 नई 9mm सब-मशीनगन और 2.56 लाख कारतूस खरीदने की अनुमति दी है। इस पूरी खरीद पर करीब 5.59 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा PAC की तीन नवगठित महिला वाहिनियों को भी आधुनिक हथियारों से लैस किया जाएगा। इनके लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने की मंजूरी दी गई है। इस पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका उद्देश्य महिला सुरक्षा बलों को बेहतर हथियार उपलब्ध कराना और जरूरत पड़ने पर उन्हें संवेदनशील व महत्वपूर्ण ड्यूटी के लिए पूरी तरह तैयार रखना है।
वहीं, राज्य के महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल (SSF) को भी आधुनिक संसाधन दिए जा रहे हैं। अयोध्या स्थित राम मंदिर, लोकभवन, मेट्रो स्टेशन, RRTS और इलाहाबाद हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्नाइपरों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए करीब 10.76 लाख रुपये प्रति राइफल की कीमत वाली तीन आधुनिक स्नाइपर राइफल खरीदने की मंजूरी मिली है। साथ ही सुरक्षा जांच और निगरानी के लिए 14 टेलीस्कोपिक सर्च मिरर भी खरीदे जाएंगे। इन फैसलों के जरिए सरकार का फोकस VIP सुरक्षा के साथ-साथ राज्य के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को आधुनिक तकनीक और बेहतर हथियारों से मजबूत करने पर है।





