तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में एक YouTuber के घर से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। नांगरकोइल के VIP Garden इलाके में रहने वाली YouTuber मधुमिता सोशल मीडिया पर अपने लग्जरी लाइफस्टाइल, सोने के गहनों और नकदी से जुड़े वीडियो और रील्स पोस्ट करती थीं। अब पुलिस उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है कि कहीं इन्हीं पोस्ट से चोरों को घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी तो नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, घर से करीब 118 से 120 सोवरेन यानी लगभग 944 ग्राम से ज्यादा सोने के गहने, हीरे के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। चोरी के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था और खरीदारी के लिए बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर उन्हें घर के पिछले हिस्से का दरवाजा टूटा मिला और अंदर रखे कीमती सामान गायब थे।
रिपोर्ट के अनुसार, मधुमिता और उनके पति गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से निकले थे और रात लगभग 11:50 बजे वापस लौटे। मुख्य दरवाजा नहीं खुलने पर एक बढ़ई को बुलाया गया। इसके बाद घर की जांच करने पर पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला और अलमारी में रखे सोने के गहने गायब पाए गए। मामले की सूचना राजक्कामंगलम पुलिस को दी गई।जांच के दौरान पुलिस की नजर मधुमिता की पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट और रील्स पर भी गई है। इनमें उनके गहने, नकदी और परिवार की संपत्ति से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो दिखाई देते हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या चोरों ने इन पोस्ट को देखकर परिवार की आर्थिक स्थिति या घर से जुड़े किसी पैटर्न की जानकारी हासिल की थी। हालांकि, अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि चोरी सोशल मीडिया पोस्ट के कारण ही हुई।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई विशेष टीमें बनाई हैं। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और घटनास्थल से मिले सुरागों की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी में शामिल लोगों की पहचान और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की पहले से रेकी की गई थी या नहीं।
मामले ने सोशल मीडिया पर निजी संपत्ति और परिवार की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चोरों को YouTuber की ऑनलाइन गतिविधियों से कोई जानकारी मिली थी या नहीं।





