भारत-नेपाल बॉर्डर पर 470 पीस हुक्का मसाला बरामद, तस्कर फरार

महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। निचलौल थाना क्षेत्र में बहुआर पुलिस और पथलहवा एसएसबी की टीम ने सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हुक्का मसाला बरामद किया है। टीम ने मौके से कुल 470 पीस अफजाल हुक्का मसाला बरामद किया। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 498 के पास की गई। सुरक्षा टीम की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस और एसएसबी की टीम सीमा क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान जवानों को कुछ लोग सिर पर बोरियां रखकर नेपाल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध गतिविधि देखकर टीम ने उनकी तरफ बढ़ना शुरू किया। जैसे ही तस्करों को पुलिस और एसएसबी के जवानों के आने की भनक लगी, वे बोरियां वहीं खेत में फेंककर नेपाल की तरफ भाग गए। जवानों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे और सीमा क्षेत्र का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने खेत में पड़ी बोरियों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बोरियों से दो कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों के अंदर हुक्का मसाले के 47 पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर प्रत्येक पैकेट में 10 पीस हुक्का मसाला मिला। इस तरह कुल 470 पीस मिंट फ्लेवर हुक्का मसाला बरामद हुआ। पुलिस और एसएसबी ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर उसकी जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर इसे सीमा पार ले जाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

कार्रवाई के बाद बरामद हुक्का मसाले को आगे की प्रक्रिया के लिए कस्टम विभाग, निचलौल को सौंप दिया गया है। वहीं, मौके से भागे तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। इस कार्रवाई के दौरान एसएसबी के उपनिरीक्षक अमित कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे। सीमा क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए गश्त और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।