फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे 2026 में सीएम योगी नंबर वन, 897 अंकों के साथ बने देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट के संयुक्त ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में पहला स्थान हासिल किया है। इस सर्वे में उन्हें 1000 में से 897 अंक मिले हैं। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने गए हैं। सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया था और उनके नेतृत्व, कार्यशैली, प्रशासनिक क्षमता और जनता के बीच लोकप्रियता का आकलन किया गया।

यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक चला। इसकी अंतिम रैंकिंग तीन चरणों में तैयार की गई। पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया पर मुख्यमंत्रियों को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाओं और चर्चाओं का अध्ययन किया गया। दूसरे चरण में बुद्धिजीवियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की राय ली गई। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और विचार जाने गए।

मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन दस प्रमुख मानकों पर किया गया। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता और कार्यशैली के साथ परिणाम शामिल रहे। इन सभी मानकों पर मिले अंकों के आधार पर 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

सर्वे में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। सर्वे में शीर्ष दस मुख्यमंत्रियों को ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर’ श्रेणी में रखा गया, जबकि 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को विशेष ‘मुख्यमंत्री पंचरत्न’ श्रेणी में शामिल किया गया।

इस सर्वे में योगी आदित्यनाथ को मिले सबसे अधिक अंक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व और शासन के विभिन्न पहलुओं के मूल्यांकन को दर्शाते हैं।