मध्य प्रदेश के उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रेलवे ने शनिवार, 21 नवंबर को माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। रेलवे की जमीन पर बने एक दर्जन से अधिक निर्माणों को छह जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे ने करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया है।
यह कार्रवाई शनिवार सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई। रेलवे की टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ के पास मौजूद मजारों, मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरे और अन्य निर्माणों को हटाया। मौके पर छह जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर 80 से अधिक रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के साथ जीआरपी और अलग-अलग थानों की पुलिस तैनात रही। प्रशासन की ओर से एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे भी मौजूद रहेl
रेलवे के पीआरओ मुकेश कुमार और आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव उपाध्याय के मुताबिक, जिस जमीन पर ये निर्माण किए गए थे, वह रेलवे की संपत्ति है। इस मामले में पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्माण नहीं हटाए गए। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने और रेलवे के पक्ष में फैसला आने के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाया गया।
वहीं, रेलवे की इस कार्रवाई पर वक्फ कमेटी ने विरोध जताया है। कमेटी के अध्यक्ष काजी मौलाना आरिफ नदवी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान मस्जिद कलंदरी, शाही मकबरे, एक दर्जन से अधिक मजारों और मुतवल्ली के मकान को गलत तरीके से तोड़ा गया है। उनका कहना है कि जमीन से जुड़ा मामला अभी भी भोपाल की वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट में लंबित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को फर्जी किरायेदार बताकर सुबह-सुबह कार्रवाई की गई। वक्फ कमेटी ने इस मामले में कोर्ट ऑफ कंटेम्प्ट यानी अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने के बाद खाली कराई गई करीब 15 हजार वर्गफीट जमीन पर होल्डिंग और वेटिंग एरिया बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना है। इस जगह पर श्रद्धालुओं को स्टेशन पर भीड़ बढ़ने से पहले व्यवस्थित तरीके से रोका जा सकेगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
दरअसल, सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों का विस्तार किया जा रहा है। इस दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में रेलवे यात्रियों की आवाजाही, ठहरने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले से तैयारियां कर रहा है। माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर हुई यह कार्रवाई भी इसी योजना का हिस्सा है।





