15 दिन के वीजा पर आए, फिर भी भारत में रुके रहे, दिल्ली में पकड़े गए 3 बांग्लादेशी नागरिक, अब होगी वापसी

दिल्ली पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर भारत में तय समय से ज्यादा रुकने वाले तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। तीनों 15 दिन के डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे, लेकिन वीजा की तय अवधि खत्म होने के बाद भी दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ देश से वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों की पहचान सलाउद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) के रूप में हुई है। तीनों बांग्लादेश के नोआखाली जिले के रहने वाले हैं। इन्हें दिल्ली के पहाड़गंज इलाके की शोरा कोठी स्थित होटल सुदर्शन पैलेस से पकड़ा गया।

दरअसल, दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीम होटलों और गेस्ट हाउसों में विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने होटल में ठहरे तीनों लोगों के पासपोर्ट और वीजा की जांच की। जांच में पता चला कि वे 6 अक्टूबर 2026 को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। उनका वीजा 14 दिसंबर तक वैध था, लेकिन एक बार में भारत में रुकने की अनुमति केवल 15 दिनों की थी। इसके बावजूद वे तय समय से अधिक समय तक यहां रह रहे थे।

पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेने के बाद लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। इसके बाद उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के सामने पेश किया गया। FRRO ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी किए हैं।

फिलहाल तीनों को दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, यह अभियान दिल्ली में रह रहे विदेशी नागरिकों के वीजा और पासपोर्ट की जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान करने के लिए चलाया जा रहा है।