‘मिथिला का लाल हूं, अपनी संस्कृति पर गर्व है’, सम्राट चौधरी बोले- मार्च 2027 से पहले तैयार होगा दरभंगा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा दौरे के दौरान मिथिला की भाषा और संस्कृति पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि मिथिला की पहचान और विरासत को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने लक्ष्य रखा कि मार्च 2027 से पहले दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण पूरा कराकर उसका उद्घाटन कराया जाए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया जाएगा।

सम्राट चौधरी ने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे को करीब 4 किलोमीटर लंबा करने की योजना है। साथ ही एयरपोर्ट का नाम महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने का भी प्रस्ताव रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यापति मिथिला की महान पहचान हैं।

मुख्यमंत्री ने स्कूलों में कक्षा 1 से 6 तक मैथिली भाषा में पढ़ाई शुरू कराने और माता सीता के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने की योजना का भी जिक्र किया। इसके अलावा दरभंगा में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने और एम्स के निर्माण को आगे बढ़ाने की बात कही।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ रुपये से अधिक की 105 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2037 तक बिहार को विकसित राज्य बनाना है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है।