लखनऊ के सआदतगंज में युवक की चाकू मारकर हत्या, CCTV फुटेज में भागता दिखा आरोपी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वारदात के बाद मौके से भागता दिखाई दे रहा है। वहीं, सड़क पर युवक घायल अवस्था में पड़ा नजर आ रहा है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय रेहान गाजी के रूप में हुई है, जो सआदतगंज के रामनगर इलाके का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे रेहान बाइक से घर से निकला था। बताया जा रहा है कि कैंपवेल रोड स्थित अंबेडकर पार्क के पास उसके परिचित उजैफा और कुछ अन्य लोगों ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उजैफा ने रेहान पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद रेहान को तुरंत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने उजैफा और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी उजैफा को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

सआदतगंज में हुई इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।