भाई-भाभी के साथ ताजमहल पहुंचीं कंगना रनौत, ‘अद्भुत दुनिया’ की हुईं दीवानी, शाही अंदाज में दिखीं ‘क्वीन’

बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत रविवार, 22 नवंबर को अपने परिवार के साथ आगरा पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान उनके साथ भाई अक्षत, भाभी रितु और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। ताजमहल की खूबसूरती देखकर कंगना काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने इस खास यात्रा की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं।

कंगना रनौत दोपहर करीब 3 बजे परिवार के साथ ताजमहल पहुंचीं। उन्होंने करीब 45 मिनट तक स्मारक का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सफेद संगमरमर से बनी इमारत की खूबसूरती, नक्काशी और मुगलकालीन वास्तुकला को करीब से देखा। उन्होंने गाइड से ताजमहल के इतिहास और इसके निर्माण से जुड़ी जानकारी भी हासिल की।

ताजमहल की यात्रा के दौरान कंगना ने परिवार के साथ कई तस्वीरें खिंचवाईं। उन्होंने मशहूर डायना बेंच पर भी पोज दिए। एक तस्वीर में वह अपने भतीजे का हाथ पकड़कर घूमती नजर आईं, जबकि दूसरी तस्वीर में पूरा परिवार ताजमहल के सामने सेल्फी लेता दिखाई दिया। कंगना की एक झलक पाने के लिए वहां मौजूद पर्यटकों में भी काफी उत्सुकता देखने को मिली।

इस दौरान कंगना का पहनावा भी चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने क्रीम रंग की खूबसूरत कढ़ाईदार साड़ी पहनी थी। इसके साथ रंगीन प्रिंट वाला शॉल, काला चश्मा और हाथ में ब्राउन हैंडबैग लिया हुआ था। माथे पर छोटी काली बिंदी और बालों का जूड़ा उनके लुक को और खास बना रहा था। उनका यह पारंपरिक और शाही अंदाज लोगों को काफी पसंद आया।

ताजमहल की यात्रा के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘ताजमहल एक अद्भुत दुनिया में घूमते हुए।’ उन्होंने ताजमहल को कला और इतिहास का खूबसूरत संगम भी बताया। उनके इस दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गईं।

ताजमहल देखने के बाद कंगना ने मीडिया से बातचीत में भारतीय अर्थव्यवस्था और महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट और युद्ध के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए पार्टी पर महिलाओं के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप भी लगाया।

कंगना का यह आगरा दौरा उनके प्रशंसकों के लिए खास रहा। एक तरफ जहां उनकी ताजमहल की तस्वीरों ने लोगों का ध्यान खींचा, वहीं दूसरी तरफ उनके शाही अंदाज और परिवार के साथ बिताए गए पलों की भी खूब चर्चा हुई।