हरिद्वार में इतनी साफ हुई गंगा कि दिखने लगी तलहटी, ऐसा रूप देखकर लोग हुए भावुक

उत्तराखंड के हरिद्वार से मां गंगा की ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान और भावुक हो रहे हैं। यहां गंगा का पानी इतना साफ और पारदर्शी दिखाई दे रहा है कि नदी के अंदर पड़े पत्थर और तलहटी तक साफ नजर आने लगी है। पानी का रंग हल्का नीला दिखाई दे रहा है। गंगा के इस खूबसूरत रूप के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई लोग इसे देखकर कोविड काल के दिनों को याद कर रहे हैं, जब लॉकडाउन के दौरान गंगा के साफ पानी की खूब चर्चा हुई थी।

दरअसल, हरिद्वार में हर साल गंगा की वार्षिक बंदी की जाती है। इस दौरान गंगनहर में पानी का बहाव कुछ समय के लिए रोक दिया जाता है, ताकि नदी और नहर की सफाई, गाद निकालने और मरम्मत का काम किया जा सके। इस बार करीब 18 से 19 दिनों तक पानी का बहाव रोका गया था। इस दौरान गंगा की तलहटी और किनारों की सफाई की गई।

इसके साथ ही कुंभ 2027 की तैयारियों से जुड़े कुछ निर्माण कार्य भी किए गए।7 नवंबर की रात गंगनहर में दोबारा पानी छोड़ा गया। इसके बाद हर की पौड़ी और आसपास के घाटों पर गंगा की धारा लौट आई। पानी दोबारा छोड़े जाने के बाद कई जगहों पर गंगा का पानी बेहद साफ दिखाई देने लगा। वायरल वीडियो में करीब पांच फीट नीचे तक नदी की तलहटी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इस नजारे को देखकर कुछ लोगों ने इसे एआई से बना वीडियो भी समझ लिया, लेकिन सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक वीडियो में दिख रहा दृश्य असली है।

गंगा की सफाई के दौरान एक और खास चीज देखने को मिली। पानी का स्तर कम होने पर नदी के अंदर अंग्रेजों के समय की करीब 175 साल पुरानी रेलवे की पटरियां भी दिखाई दी थीं। इनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थीं।

गंगा के इस रूप को देखकर सोशल मीडिया पर लोग अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों ने इच्छा जताई कि गंगा हमेशा इसी तरह साफ रहनी चाहिए। वहीं, कुछ लोगों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी में प्लास्टिक, पूजा सामग्री और दूसरी गंदगी न डालें।

हालांकि, पानी का साफ और पारदर्शी दिखाई देना ही उसके पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होने का प्रमाण नहीं है। इसके लिए वैज्ञानिक जांच जरूरी है। सर्दियों में रेत और मिट्टी का बहाव कम होने से भी पानी ज्यादा साफ दिखाई दे सकता है। हरिद्वार में गंगा की यह तस्वीर एक बार फिर याद दिलाती है कि नदियों को साफ रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।