उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक अलग अंदाज में नजर आए। यहां लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनकी मुलाकात गोंडा से आए कक्षा 8 के छात्र प्रिंस साहू से हुई। प्रिंस क्रिकेट में अपना करियर बनाना चाहता है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कोचिंग की फीस और क्रिकेट किट का खर्च नहीं उठा पा रहा था। इसी उम्मीद के साथ वह मुख्यमंत्री से मदद मांगने पहुंचा था।
प्रिंस साहू गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव का रहने वाला है। उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपनी पहचान बनाना चाहता है। मुख्यमंत्री ने जब उससे जनता दर्शन में आने की वजह पूछी तो उसने अपनी परेशानी बताई। बच्चे की बात सुनकर योगी आदित्यनाथ ने करीब 4 से 5 मिनट तक उससे बातचीत की और उसे समझाया।
मुख्यमंत्री ने छात्र से कहा, ‘बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए खूब पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।’ उन्होंने प्रिंस को सलाह दी कि वह क्रिकेट खेलने के साथ अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे। अभी वह आठवीं कक्षा में है, इसलिए इस शैक्षणिक सत्र में मेहनत करके अच्छे अंकों से पास हो। इसके बाद उसकी क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने उसे आर्थिक सहायता देने का भरोसा भी दिलाया।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी फरियादियों के पास खुद पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से आवेदन लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता के साथ तय समय में और निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों को भी मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल से इलाज का खर्च मिलने के बाद सरकार की ओर से तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों को भी संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
गोंडा से मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे प्रिंस के लिए मुख्यमंत्री का यह आश्वासन खास रहा। अब उसे अपनी पढ़ाई में अच्छे अंक लाने के साथ क्रिकेट में आगे बढ़ने का भी मौका मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि बच्चों को अपने सपनों के साथ पढ़ाई पर भी बराबर ध्यान देना चाहिए।




