गोंडा को 520 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी, 69 योजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 2 नवंबर को गोंडा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों को 520 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कुल 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड छपिया की ग्राम पंचायत तेजपुर में किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में सड़क निर्माण, शिक्षा और सेतु निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष ध्यान रहेगा। इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।

मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा 160 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 20 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। वहीं, गौरा विधानसभा क्षेत्र में 53 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ रुपये से अधिक की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके अलावा विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात कुमार वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पाण्डेय, बावन सिंह और अजय सिंह तथा जिला पंचायत प्रशासक घनश्याम मिश्र भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को गोंडा जिले के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 69 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से मनकापुर और गौरा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और चेक मिलने से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।