दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आज अयोध्या पहुंचेंगे सीएम योगी, राम मंदिर में करेंगे दर्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। वह दोपहर 12 बजे तक रामनगरी पहुंचकर दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण करेंगे।

मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपोत्सव की तैयारियों, मुख्य अतिथियों के कार्यक्रम और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर पहले ही आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर चुके हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, पिछले दिनों हुई बारिश से कुछ तैयारियां प्रभावित हुई थीं, लेकिन काम तय समय के अनुसार चल रहा है। निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाएगा।

दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। एसएसपी के मुताबिक, पूरे आयोजन क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। यातायात के लिए इंटर-डिस्ट्रिक्ट और इंट्रा-डिस्ट्रिक्ट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, येलो जोन कंट्रोल रूम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था की जा रही है।

आयोजन को सुरक्षित बनाने के लिए जिला पुलिस के साथ रेंज, जोन और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। विशेष सुरक्षा एजेंसियां भी जिम्मेदारी संभालेंगी। मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण से दीपोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होगी।