मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नवदंपती को दिया आशीर्वाद

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 1 नवंबर को उर्दू अकादमी के निवर्तमान चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ क्षेत्र स्थित उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने चौधरी कैफुलवरा के परिवार के साथ खुशियों के इस अवसर में हिस्सा लिया। यहां मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र मोहम्मद जैद के विवाह के अवसर पर नवदंपती को उपहार और शगुन भेंट किया तथा सुखी वैवाहिक जीवन के लिए अपना स्नेहिल आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर चौधरी कैफुलवरा और उनके परिवार के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। चौधरी कैफुलवरा ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने आवास पर मुख्यमंत्री के आगमन और नवदंपती को आशीर्वाद देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। परिवार के लिए यह अवसर खास रहा, क्योंकि मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर इस पारिवारिक समारोह में सहभागिता की।

इस दौरान चौधरी कैफुलवरा ने गोरखनाथ मंदिर और उनके परिवार के बीच लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार का गोरखनाथ मंदिर के महंत और पीठ से पिछले तीन-चार पीढ़ियों से आत्मीय जुड़ाव रहा है। यह संबंध केवल सामाजिक नहीं, बल्कि पारिवारिक अपनत्व और विश्वास पर आधारित रहा है।

चौधरी कैफुलवरा ने बताया कि पूर्व में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ भी उनके परिवार के मांगलिक अवसरों पर पहुंचते रहे हैं। इसी पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उनके घर पहुंचना उनके परिवार के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन और नवदंपती को आशीर्वाद देना परिवार के लिए खुशी और सम्मान का विषय है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस यात्रा के दौरान पारिवारिक आत्मीयता और पुराने संबंधों की झलक देखने को मिली। उन्होंने नवदंपती को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और मंगलमय भविष्य की कामना की।