नई दिल्ली: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के दौरान ट्रेनों और बसों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और बिहार सरकार ने 77 विशेष बस सेवाएं शुरू की हैं। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने भी दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से शुरू की गई इन 77 बसों को बिहार के पांच प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ा गया है। इनमें मुजफ्फरपुर के लिए सबसे ज्यादा 36 बसें, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें निर्धारित की गई हैं।
इन बसों में एसी और नॉन-एसी के साथ स्लीपर और सीटर की सुविधा भी मिलेगी। यात्रियों को रूट और बस की श्रेणी के हिसाब से किराये में 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट दी जा रही है। बसें बिहार के 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर संचालित होंगी। इनके रास्ते में नोएडा, आगरा, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी जैसे शहर भी आएंगे।
बस सेवा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए BS-6 या उससे बेहतर मानक वाली बसों को अनुमति दी गई है। इनमें व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और इमरजेंसी बटन की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के तहत पूरे सफर के लिए एक ही राज्य का जारी टिकट मान्य होगा।
वहीं, रेलवे ने भी छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। 13 नवंबर को दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों से 24 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है। इनमें नई दिल्ली से 9, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 1, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 ट्रेन शामिल है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
इस व्यवस्था से दिल्ली और आसपास रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लाखों लोगों को छठ पर अपने घर पहुंचने में राहत मिलेगी। बसों और ट्रेनों की अतिरिक्त सुविधा से यात्रियों को सफर के ज्यादा विकल्प मिलेंगे और त्योहार के दौरान भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।




