पंजाब चुनाव 2027 के लिए BJP का बड़ा दांव, 19 सदस्यीय चुनाव समिति में कांग्रेस-अकाली दल से आए 7 नेताओं को जगह

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति बनाने और उम्मीदवारों के चयन के लिए 19 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। इस समिति में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए 7 नेताओं को भी जगह दी गई है। इसे पंजाब में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की पार्टी की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

समिति की अगुवाई पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे। कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं में सुनील जाखड़, मनप्रीत सिंह बादल, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और केवल सिंह ढिल्लों शामिल हैं। वहीं, अकाली दल छोड़कर बीजेपी में आए मनजीत सिंह मन्ना को भी समिति में शामिल किया गया है।

समिति में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। इनमें तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, विजय सांपला, दिनेश बाबू, जंगी लाल महाजन और संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब के पार्टी प्रभारी सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

इस समिति की अहम जिम्मेदारी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में भूमिका निभाना होगा। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं। बीजेपी इस चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संगठन के पुराने नेताओं के साथ दूसरे दलों से आए अनुभवी चेहरों को भी आगे बढ़ा रही है। खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को समिति में जगह नहीं मिली है, जबकि उनकी पत्नी परनीत कौर इसमें शामिल हैं।