झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति जल्द करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हाईकोर्ट में बार-बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की व्यवस्था होने से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होता है और संस्थान में अनिश्चितता बनी रहती है।
हेमंत सोरेन ने पत्र में बताया कि झारखंड हाईकोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक 27 नवंबर 2026 को रिटायर होने वाले हैं। लेकिन अब तक उनके उत्तराधिकारी का नाम तय नहीं किया गया है और न ही किसी न्यायाधीश का पहले से झारखंड हाईकोर्ट में तबादला किया गया है। ऐसे में एक बार फिर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करनी पड़ सकती है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि 19 दिसंबर 2022 को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि रंजन की सेवानिवृत्ति के बाद से 9 जनवरी 2026 तक हाईकोर्ट में चार मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं। इनमें एक का कार्यकाल केवल 15 दिनों का था। इस दौरान तीन बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी नियुक्त किए गए, जिनका कार्यकाल दो से छह महीने तक रहा।
सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के 26 फरवरी 2026 के फैसले का भी जिक्र किया। इसके मुताबिक, नए मुख्य न्यायाधीश बनने वाले जज का तबादला पद खाली होने से करीब दो महीने पहले कर दिया जाना चाहिए, ताकि वह हाईकोर्ट के कामकाज को समझ सकें। उन्होंने कहा कि समय पर नियुक्ति होने से न्यायिक व्यवस्था में स्थिरता बनी रहेगी और लोगों का न्यायपालिका पर भरोसा मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कॉलेजियम से इस मामले में जल्द फैसला लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट में स्थायी नेतृत्व केवल प्रशासनिक व्यवस्था के लिए ही नहीं, बल्कि न्याय देने की प्रक्रिया को बेहतर बनाए रखने के लिए भी जरूरी है।




