‘यह अद्भुत है’, भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के मुरीद हुए पुतिन; पीएम मोदी से जुड़ा किस्सा सुनाया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता, भाषाओं और सांस्कृतिक विविधता की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और इसके बारे में जितना अधिक जानने का मौका मिलता है, उतनी ही दिलचस्पी बढ़ती जाती है। पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अपनी एक बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि भारत की भाषाई विविधता के बारे में जानकर वह काफी हैरान रह गए थे।

रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक को दिए एक इंटरव्यू में पुतिन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की मुख्य भाषा बोलते हैं। इस पर पीएम मोदी ने उन्हें बताया कि करीब 60 करोड़ लोग इस भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद पुतिन ने भारत की कुल आबादी के बारे में पूछा, तो मोदी ने बताया कि देश की आबादी लगभग 150 करोड़ है।

पुतिन के मुताबिक, इस जानकारी से उन्हें पता चला कि भारत की करीब एक-तिहाई आबादी ही मुख्य भाषा बोलती है, जबकि बाकी दो-तिहाई लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या यह अद्भुत बात नहीं है। उन्होंने भारत की भाषाई विविधता को बेहद खास बताया।

इंटरव्यू के दौरान पुतिन ने रूसी सभ्यता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रूस में अलग-अलग समुदायों और जातीय समूहों को अपने धर्म, परंपराओं, भाषाओं और आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखने का अवसर मिला है। उनके मुताबिक, अलग-अलग समुदायों की पहचान और परंपराओं का सम्मान करना सभ्यता की एक अहम विशेषता है।

पुतिन का यह बयान भारत और रूस के बीच मजबूत संबंधों के बीच आया है। उन्होंने अपनी बातचीत के जरिए यह बताया कि भारत की सबसे बड़ी खासियत उसकी विविधता है, जहां अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं होने के बावजूद लोग एक साथ रहते हैं।